दून पुलिस ने 3 साल के मासूम को परिवार से मिलाया, सोशल मीडिया की मदद से मिली सफलता
दून पुलिस ने 3 साल के मासूम को परिवार से मिलाया, सोशल मीडिया की मदद से मिली सफलता
देहरादून | 28 जनवरी 2026
मानवता और तत्परता की मिसाल पेश करते हुए दून पुलिस ने घर से बिछड़े एक 03 वर्षीय अबोध बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर एक परिवार की खुशियाँ लौटा दीं। घटना सेलाकुई थाना क्षेत्र की है, जहाँ मासूम बच्चा लावारिस अवस्था में बाजार में भटकता हुआ मिला।
पुलिस के अनुसार, 28 जनवरी को सेलाकुई बाजार में ड्यूटी पर मौजूद चीता पुलिस यूनिट की नजर एक छोटे बच्चे पर पड़ी, जो अकेला इधर-उधर घूम रहा था। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस टीम उसे तत्काल थाना सेलाकुई ले आई।
थाने में पुलिसकर्मियों ने बच्चे से प्यार से उसका नाम-पता पूछने की कोशिश की, लेकिन मासूम अपनी या अपने परिवार की कोई जानकारी नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे की फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों और स्थानीय लोगों के माध्यम से प्रसारित की।
इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया और कुछ ही समय में बच्चे के परिजनों का पता चल गया। परिजन थाने पहुँचे, जहाँ पहचान की पुष्टि के बाद बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
परिजनों ने बताया कि वे आसपास के क्षेत्र में मजदूरी का काम करते हैं और बच्चा घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक दूर निकल गया था, जिससे वे बेहद परेशान थे।
मासूम की सुरक्षित बरामदगी पर परिवार की आँखों में खुशी के आँसू छलक पड़े। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्यशैली और संवेदनशीलता की प्रशंसा करते हुए दून पुलिस का आभार व्यक्त किया।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं की भी सच्ची संरक्षक है।
