DEHRADUN

स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत देहरादून में 10 पर्यावरण मित्र सम्मानित, नगर निगम आयुक्त ने प्रदान किए प्रशस्ति पत्र

स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत देहरादून में 10 पर्यावरण मित्र सम्मानित, नगर निगम आयुक्त ने प्रदान किए प्रशस्ति पत्र

केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से आयोजित हुआ सम्मान समारोह, स्वच्छता और स्वस्थ कार्य-वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर दिया गया जोर

देहरादून, 30 अक्टूबर।

ब्यूरो रिपोर्ट -प्रशांत चौधरी

भारत केसरी

देशव्यापी स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून की ओर से नगर निगम प्रेक्षागृह में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 पर्यावरण मित्रों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वस्थ कार्य-वातावरण के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा स्वच्छता अभियान में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करना रहा।

नगर निगम आयुक्त ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम देहरादून के आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने की। इस अवसर पर नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सुनील कुमार खैरवाल और सचिव धीरज भारती विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

इसके अलावा केंद्रीय संचार ब्यूरो और नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

स्वच्छता के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी

पीआईबी देहरादून के मीडिया संचार अधिकारी एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ कार्य-वातावरण को प्रोत्साहित करना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ समाज का निर्माण स्वच्छता को अपनाकर ही संभव है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता संबंधी आदतों को अपने दैनिक जीवन में शामिल करना होगा।

इन 10 पर्यावरण मित्रों को किया गया सम्मानित

समारोह में नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पर्यावरण मित्रों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वालों में शामिल रहे:

  1. विकास – वार्ड संख्या 86, सेवलाकला
  2. ऋषिपाल – वार्ड संख्या 12, किशननगर
  3. रामचन्द्रा – वार्ड संख्या 87, पित्थूवाला
  4. सुशील – वार्ड संख्या 21, एमकेपी
  5. रेनू – वार्ड संख्या 21, एमकेपी
  6. प्रवीण – वार्ड संख्या 21, एमकेपी
  7. अनिल – वार्ड संख्या 10, डोभालवाला
  8. सुरेश – वार्ड संख्या 10, डोभालवाला
  9. अजय – वार्ड संख्या 11, विजय कॉलोनी
  10. रामदास – वार्ड संख्या 89, मेहुंवाला

स्वच्छता कर्मियों के योगदान को सराहने की पहल

कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण मित्रों की सेवाओं को सम्मान देते हुए उन्हें स्वच्छता अभियान के लक्ष्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाने और स्वच्छ कार्यस्थल बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।

समारोह में वक्ताओं ने स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में पर्यावरण मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।