Uttrakhand

ऋषिकेश में विकास कार्यों का महापौर शम्भू पासवान ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश

ऋषिकेश | भारत केसरी

 

ऋषिकेश में सीवर लाइन निर्माण, आस्था पथ और त्रिवेणी घाट के सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता जांचने के लिए महापौर शम्भू पासवान और नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ल ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

महापौर ने कहा कि ऋषिकेश प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन नगरी है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में सीवर लाइन निर्माण के दौरान आम नागरिकों, श्रद्धालुओं और राहगीरों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। निर्माण स्थलों पर आवागमन सुचारु रखने और लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 

वहीं, नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ल ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और गुणवत्ता की समय-समय पर जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं, ताकि शहरवासियों और तीर्थनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

 

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अवर अभियंता राजेश रावत, कार्यदायी संस्था के सुपरवाइजर और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।