DEHRADUNDM DEHRADUN

मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल-2026 को भव्य बनाने की तैयारी तेज, ऐतिहासिक विरासत और लोक संस्कृति पर रहेगा फोकस

मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल-2026 को भव्य बनाने की तैयारी तेज, ऐतिहासिक विरासत और लोक संस्कृति पर रहेगा फोकस

 

देहरादून।

ब्यूरो रिपोर्ट- प्रशांत चौधरी

भारत केसरी

मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल-2026 को भव्य, आकर्षक और पर्यटक हितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्निवाल की सभी तैयारियां आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। पर्यटकों की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई और सड़कों की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

ऐतिहासिक धरोहरों को कार्निवाल से जोड़ने की योजना

 

बैठक में मसूरी की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत को कार्निवाल का प्रमुख आकर्षण बनाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने ऐतिहासिक स्मारकों एवं भवनों का सौंदर्यीकरण कर उन्हें कार्निवाल की गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए। इन स्थलों पर स्थानीय इतिहास, लोककला, परंपराओं और व्यंजनों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सकें।

 

पर्यटन के साथ रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

 

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि विंटरलाइन कार्निवाल केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि पर्यटन संवर्धन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे होटल कारोबारियों, व्यापारियों, परिवहन सेवा प्रदाताओं, स्थानीय कलाकारों और अन्य लोगों के लिए रोजगार एवं आय के नए अवसर सृजित हो सकते हैं।

 

उन्होंने अधिकारियों को देश के अन्य पर्यटन स्थलों पर आयोजित सफल कार्निवाल और महोत्सवों का अध्ययन कर वहां की बेहतर व्यवस्थाओं एवं नवाचारों को मसूरी की परिस्थितियों के अनुरूप अपनाने के निर्देश भी दिए।

 

सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर

 

प्रशासन का लक्ष्य कार्निवाल को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बनाना है। इसके लिए सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन करने तथा पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

 

बैठक में नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी, सचिव अजय भार्गव, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।