Uttrakhand

एलटी भर्ती के 585 चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति में देरी पर धस्माना ने जताई नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी

एलटी भर्ती के 585 चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति में देरी पर धस्माना ने जताई नाराजगी, आंदोलन की चेतावनी

 

देहरादून, 29 अक्टूबर।

ब्यूरो रिपोर्ट -प्रशांत चौधरी

भारत केसरी

उत्तराखंड में सहायक अध्यापक (एलटी) भर्ती परीक्षा-2024 के 585 चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति में हो रही देरी का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। गुरुवार को चयनित अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना से ईसी रोड स्थित उनके कैंप कार्यालय में मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की।

अभ्यर्थियों का कहना है कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की ओर से 20 अगस्त 2026 को 585 अभ्यर्थियों का संशोधित परिणाम जारी किए जाने के बावजूद अब तक अभिलेख सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) की तारीख घोषित नहीं की गई है। इससे चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को मानसिक एवं आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

न्यायालय की समय-सीमा बीतने के बाद भी प्रक्रिया लंबित

 

अभ्यर्थियों की ओर से दिए गए घटनाक्रम के अनुसार, सहायक अध्यापक भर्ती का विज्ञापन 14 मार्च 2024 को जारी हुआ था, जबकि लिखित परीक्षा 18 अगस्त 2024 को आयोजित की गई थी। इसके बाद 10 जनवरी 2025 को अनंतिम श्रेष्ठता सूची जारी हुई। मामले में न्यायिक प्रक्रिया के बाद 3 जून 2026 को विशेष अपील पर अंतिम निर्णय आया, जिसमें आयोग को तीन महीने के भीतर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिए जाने की बात कही गई है।

 

प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है। अभ्यर्थियों ने मांग की कि आयोग तत्काल डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की तारीख घोषित करे और नियुक्ति की प्रक्रिया में तेजी लाए।

 

अभ्यर्थियों ने रखीं तीन प्रमुख मांगें

 

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात के लिए समय देने, UKSSSC और शिक्षा विभाग को 585 चयनित अभ्यर्थियों के अभिलेख सत्यापन की तिथि जल्द घोषित करने के निर्देश देने तथा पदों की स्वीकृति और संशोधित प्रक्रिया पूरी कर नियुक्ति एवं जॉइनिंग सुनिश्चित कराने की मांग की।

 

धस्माना बोले—युवाओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं

 

अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनने के बाद सूर्यकांत धस्माना ने नियुक्ति में देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि चयनित युवाओं को समय पर नियुक्ति नहीं मिलना सरकार की युवा विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

 

धस्माना ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शिक्षा विभाग ने 585 चयनित सहायक अध्यापकों की नियुक्ति की दिशा में तत्काल कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी अभ्यर्थियों के समर्थन में सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि वह पहले की तरह युवाओं के साथ खड़े हैं और उनकी नियुक्ति सुनिश्चित कराने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

 

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इस मामले को मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और UKSSSC के अध्यक्ष के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उठाया जाएगा।

 

अब चयनित अभ्यर्थियों की निगाहें सरकार और आयोग के अगले कदम पर टिकी हैं। अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई होगी और लंबे समय से लंबित भर्ती प्रक्रिया पूरी कर उन्हें नियुक्ति मिल सकेगी।