भाजपा ने 9 कार्यकर्ताओं को 6 साल के लिए किया निष्कासित
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पौड़ी नगर पालिका चुनाव में पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने वाले सदस्यों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पार्टी ने अपने अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में कुल 6 वर्षों के लिए निष्कासन का फैसला लिया है।
इस कार्रवाई में प्रमुख रूप से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष
केसर सिंह नेगी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने वाली वीरा भंडारी,कुसुम चमोली,प्रियंका थपलियाल, और सभासद पद के उम्मीदवार जैसे वार्ड नंबर 2 से शुभम रावत एवं दिनेश बिष्ट वार्ड नंबर 4 से राकेश गौशाली, वार्ड नंबर 9 से रंजना एवं प्रियंका बहुगुणा शामिल हैं। कार्यकारी जिलाध्यक्ष कमल रावत ने बताया कि यह निर्णय पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जो अन्य सदस्य पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं, उनकी पहचान की जा रही है। हालांकि, पार्टी यह भी प्रयास कर रही है कि जिन कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ा जा सकता है, उन्हें समझा-बुझाकर फिर से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाए। पार्टी किसी अच्छे कार्यकर्ता को खोना नहीं चाहती है और यह सुनिश्चित कर रही है कि अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को भी जोड़ा जाए।
यह कदम पार्टी की अनुशासन और संगठनात्मक मजबूती को बनाए रखने की दिशा में उठाया गया है।