CM UTTRAKHANDUttrakhand

9 साल का इंतजार खत्म, श्रीनगर में सिटी बस सेवा शुरू; धामी ने खोला विकास योजनाओं का पिटारा।

श्रीयंत्र टापू से विकास योजनाओं को मिली रफ्तार, ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी शुभारंभ | महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता, पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट वितरित

श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर के विकास को गति देते हुए क्षेत्र को 9.13 करोड़ रुपये की नौ विकास योजनाओं की सौगात दी। श्रीयंत्र टापू में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान श्रीनगरवासियों की करीब नौ साल पुरानी मांग पूरी करते हुए नगर में सिटी बस सेवा का भी शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही ईवी चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण कर शहर में पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने की पहल की गई।

श्रीनगर पहुंचने पर महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखण्ड’ अभियान के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित की। साथ ही 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की गईं।

नौ साल बाद श्रीनगर की सड़कों पर दौड़ी सिटी बस

श्रीनगरवासियों की लंबे समय से प्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने करीब नौ साल बाद शहर में सिटी बस सेवा शुरू की। मुख्यमंत्री ने पार्षदों से भरी सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सेवा से शहर के भीतर आवागमन को सुगम बनाने और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की उम्मीद है।May be an image of one or more people, temple and text

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास शहरों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ आम नागरिकों की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना है।

महिला स्वयं सहायता समूहों को मिला आर्थिक संबल

‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखण्ड’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों को कुल 2,01,530 रुपये के चेक वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की आजीविका को मजबूत करना और उन्हें स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है।

इसके अलावा 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट दी गईं। कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण और स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया।May be an image of one or more people, temple, dais and text

ईवी चार्जिंग स्टेशन और आधुनिक नागरिक सुविधाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलने और शहर में पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी।

नगर निगम क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क एवं नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क और विभिन्न पार्कों के सौंदर्यीकरण सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।May be an image of dais, temple and text

मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 करोड़ रुपये से अधिक की ये विकास योजनाएं क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, जनसुविधाओं को मजबूत करने और स्थानीय विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

ऑल वेदर रोड और रेल परियोजना से बदलेगी कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विकास, सुशासन और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। पौड़ी जिले में भी करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं पर काम चल रहा है। चारधाम यात्रा में हो रही वृद्धि का लाभ स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को मिल रहा है।May be an image of one or more people, people smiling, temple, wedding and text

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार ने उत्तराखंड के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। चारों धामों को ऑल वेदर रोड से जोड़ने का कार्य किया गया है और इस सड़क नेटवर्क में श्रीनगर की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस रेल मार्ग पर श्रीनगर में भी स्टेशन प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।

सरदार पटेल के योगदान को किया याद

राष्ट्रीय एकता के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव मजबूत की। उनका संकल्प ऐसा सशक्त राष्ट्र बनाने का था, जहां राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता सर्वोपरि हो तथा राष्ट्रहित प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य बने।

बच्चों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, प्रोटोकॉल छोड़कर किया संवाद

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बच्चों के साथ उनका आत्मीय संवाद भी चर्चा का विषय रहा। कॉलेज गेट के समीप विद्यार्थियों को देखकर मुख्यमंत्री अपने वाहन से नीचे उतरे और उनके बीच पहुंचकर बातचीत की। उन्होंने बच्चों का हालचाल जाना और उनसे पढ़ाई एवं अन्य गतिविधियों के बारे में संवाद किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यार्थी उत्साहित नजर आए।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, विधायक भरत चौधरी, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।