मीडिया प्रतिनिधियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो: ध्रुव रौतेला
मुख्यमंत्री की मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ने किया जिला सूचना कार्यालय का निरीक्षण, पत्रकारों को सरकारी सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने जिला सूचना कार्यालय, देहरादून का भ्रमण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, पत्रकारों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मीडिया प्रतिनिधियों के हित में संचालित सरकारी सुविधाओं का लाभ सभी पात्र पत्रकारों तक सरलता और सुगमता से पहुंचाया जाए।

निरीक्षण के दौरान ध्रुव रौतेला ने कहा कि पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और उन्हें शासन के संज्ञान में लाकर समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मीडिया प्रतिनिधियों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उपाध्यक्ष ने जिला सूचना कार्यालय को आवंटित बजट और संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक दलों के माध्यम से सरकार की जनहितकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए।

उन्होंने संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता भी बताई, ताकि सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सूचना विभाग सक्रिय भूमिका निभा सके।
भ्रमण के दौरान रौतेला ने जिला सूचना कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में कार्यरत स्थायी और अस्थायी कार्मिकों से संवाद कर उनके कार्यों, दायित्वों और कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, विभिन्न गतिविधियों और कार्यों की प्रगति के संबंध में उपाध्यक्ष को विस्तार से जानकारी दी।
