सूचना विभाग में 30 साल की सेवा के बाद रईस अहमद सेवानिवृत्त, महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने दी भावभीनी विदाई
विदाई समारोह में अधिकारियों-कर्मचारियों ने साझा किए अनुभव, स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया; स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना
देहरादून। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में लगभग तीन दशक तक सेवाएं देने के बाद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रईस अहमद सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में विभाग की ओर से आयोजित विदाई समारोह में महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने रईस अहमद के लंबे सेवाकाल, कार्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।

महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि किसी भी विभाग की कार्यप्रणाली को सुचारु बनाए रखने में प्रत्येक कार्मिक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी विभागीय व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। रईस अहमद ने लगभग 30 वर्षों तक पूरी निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनका सेवाकाल अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन किसी कर्मचारी का अनुभव, व्यवहार और विभाग के प्रति योगदान हमेशा याद रखा जाता है। उन्होंने रईस अहमद के स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय, उप निदेशक मनोज श्रीवास्तव, रवि बिजारनिया, बद्री चंद सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और रईस अहमद के परिजन मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके साथ काम करने के अनुभव साझा किए और उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम के अंत में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रईस अहमद को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। समारोह का माहौल आत्मीय और भावुक रहा।
इस अवसर पर सूचना कर्मचारी संघ के अध्यक्ष कैलाश रावत, उपाध्यक्ष प्रशांत रावत, संजय कुमार, महामंत्री अंकित चौहान, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार धीमान और संयुक्त मंत्री पारूल चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
