रिस्पना नगर में एक सप्ताह तक चला निशुल्क मेगा हेल्थ कैंप, सैकड़ों लोगों की जांच और उपचार
मेडिकल सर्विस सेंटर कोलकाता और AIDSO उत्तराखंड की पहल; वरिष्ठ कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने कहा- गरीबों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए ऐसे शिविरों को आंदोलन बनाना होगा
देहरादून। रिस्पना नगर में मेडिकल सर्विस सेंटर, कोलकाता और ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) उत्तराखंड की ओर से आयोजित एक सप्ताह का निशुल्क मेगा हेल्थ कैंप संपन्न हो गया। शिविर के दौरान सैकड़ों लोगों की स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और निशुल्क उपचार किया गया।

शिविर में हृदय रोग एवं मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. तरुण मंडल, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शैफाली राय और डॉ. राजकुमार ने मरीजों को चिकित्सकीय सेवाएं दीं। मेडिकल स्टाफ में सीनियर सिस्टर उन्नति चटर्जी, गौरव (NS), अर्पिता महतो और शमीम काजमी ने सहयोग किया। AIDSO कार्यकर्ताओं हिमानी, लोकेश, मनीष नेगी, प्रवीण, अमित, राजदीप और कुलदीप सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्य चिकित्सक डॉ. तरुण मंडल ने बताया कि शिविर में बड़ी संख्या में ऐसे मरीज पहुंचे, जो चिकनगुनिया के बाद होने वाले शारीरिक दर्द, ब्लड प्रेशर, मोतियाबिंद, सर्दी-खांसी और बुखार जैसी समस्याओं से परेशान थे। मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच भी की गई। गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह अनूठा चिकित्सा शिविर है, जिससे बड़ी संख्या में गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लाभ मिला है। डॉ. मंडल के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं की स्थिति बेहतर बनाने की जरूरत है और ऐसे शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए राहत का माध्यम बन सकते हैं। उन्होंने इस तरह की सेवा को आंदोलन का रूप देने पर जोर दिया।
आयोजकों के अनुसार, मेडिकल सर्विस सेंटर की ओर से उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसे चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए हैं। इनमें राणाकोट, देवप्रयाग और श्रीनगर जैसे क्षेत्र शामिल हैं। संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसी उद्देश्य से मेडिकल सर्विस सेंटर देशभर में निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित करता है। 
