Uttrakhand

त्योहारों पर रुड़की के बाजारों को मिलेगी जाम से राहत, दो नए पार्किंग स्थल होंगे तैयार

 

उत्तराखंड

ब्यूरो रिपोर्ट -प्रशांत चौधरी

भारत केसरी

। आगामी त्योहारों को देखते हुए रुड़की शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बाजारों में बढ़ती भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने नगर निगम के मीटिंग हॉल में पुलिस, परिवहन और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पार्किंग व्यवस्था से लेकर वन-वे ट्रैफिक प्लान तक कई अहम फैसले लिए गए।

बैठक में शहर में दो नए अस्थायी पार्किंग स्थल विकसित करने पर सहमति बनी। इनमें सिविल लाइंस स्थित पोस्ट ऑफिस के पास खाली मैदान और विद्युत विभाग का खाली पड़ा ग्राउंड शामिल है। इन स्थानों पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होने से बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा शहर के अधिकांश प्रमुख मार्गों पर वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, विभिन्न चौराहों पर बैरिकेडिंग कर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा, ताकि बाजारों में वाहनों का दबाव कम हो और लोगों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने अधिकारियों को त्योहारों के दौरान आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर दिया। बैठक में लिए गए निर्णयों का उद्देश्य बाजारों में भीड़ को व्यवस्थित करना, पार्किंग की समस्या दूर करना और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखना है.

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अजय सिंह, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट, सीओ रुड़की नताशा सिंह, नवीन गुलाटी, भरत कपूर, नरेश यादव, एआरटीओ तथा रुड़की नगर निगम के एमएनए गोपाल राम बिनवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

अब देखना होगा कि त्योहारों के दौरान पार्किंग और वन-वे व्यवस्था को किस तरह जमीन पर उतारा जाता है और रुड़की के लोगों को जाम से कितनी राहत मिल पाती है।

।