दिल्ली की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली में उत्तराखंड कांग्रेस की भागीदारी, हजारों कार्यकर्ताओं ने की शिरकत
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में दिल्ली पहुंचे उत्तराखंड कांग्रेस के कार्यकर्ता, पार्टी के वरिष्ठ नेता भी रहे मौजूद
नई दिल्ली/देहरादून, 1 नवंबर 2026
ब्यूरो रिपोर्ट- प्रशांत चौधरी
दिल्ली में आज आयोजित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली में उत्तराखंड से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में उत्तराखंड कांग्रेस का बड़ा जत्था महारैली में शामिल हुआ।

महारैली में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, विधायक तिलकराज बेहड़, विधायक विक्रम सिंह नेगी और पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं ने महारैली में बढ़-चढ़कर भागीदारी कर यह संदेश दिया है कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई में राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने भाजपा पर वोट चोरी के जरिए सत्ता में बने रहने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह मुद्दा अब देशभर में चर्चा का विषय बन चुका है।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि आज की महारैली कथित वोट चोरी के खिलाफ जन-आक्रोश की अभिव्यक्ति है। उन्होंने भाजपा पर वोट चोरी और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड से हजारों कार्यकर्ताओं की भागीदारी इस बात का संदेश है कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पहुंचकर पार्टी की राष्ट्रीय मुहिम के प्रति अपनी एकजुटता और प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है।

