Uttrakhand

वीर केसरी चन्द की 107वीं जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित, मंत्री खजान दास ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

वीर केसरी चन्द की 107वीं जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित, मंत्री खजान दास ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

 

देहरादून। ब्यूरो रिपोर्ट- प्रशांत चौधरी

भारत केसरी

आज गांधी पार्क में आजाद हिंद फौज के अमर शहीद वीर केसरी चन्द की 107वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने शहीद वीर केसरी चन्द की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

 

इस दौरान कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र में जन्मे वीर केसरी चन्द नेताजी सुभाष चंद्र बोस से प्रेरित होकर आजाद हिंद फौज में शामिल हुए थे। उन्होंने देश की आजादी के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया और महज 24 वर्ष की आयु में 3 मई 1945 को देश की स्वतंत्रता के लिए हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमकर मातृभूमि के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

मंत्री ने युवाओं से वीर केसरी चन्द के अदम्य साहस, पराक्रम, त्याग और देशभक्ति से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे वीर सपूतों का बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति ने समाज कल्याण मंत्री के समक्ष आयोजन के लिए निशुल्क ग्राउंड उपलब्ध कराने तथा 10 लाख रुपये की शासकीय आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग रखी। इस पर मंत्री खजान दास ने समिति के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि वे इन मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे और स्वीकृति के लिए अनुरोध करेंगे।

 

इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष रणबीर सिंह तोमर सहित जौनसार-बावर क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।