CRIME NEWSDEHRADUN

देहरादून में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो आरोपी घायल; पुलिस की गाड़ी पर भी की फायरिंग

पटेलनगर के नयागांव के पास चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक को रोकने पर भागे थे दोनों युवक; पुलिस ने दो पिस्टल और कारतूस किए बरामद

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में देर रात नयागांव के पास पुलिस और बाइक सवार दो युवकों के बीच मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने रुकने के बजाय बाइक बुडपुर की ओर दौड़ा दी। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, एक आरोपी के पैर में गोली लगी है।

पुलिस के मुताबिक, देर रात क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे चेकिंग प्वाइंट से भाग निकले। पीछा करने के दौरान आरोपियों ने पुलिस वाहन पर गोली चलाई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस टीम और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों युवक घायल हो गए।

घायल आरोपियों को तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर भी घटना के संबंध में जानकारी ली। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर में नकबजनी की घटनाओं का खुलासा

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी कथित तौर पर आज भी किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से जा रहे थे।

घायल आरोपियों की पहचान शमीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों का हरिद्वार और देहरादून में आपराधिक इतिहास रहा है। वे पूर्व में कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं और उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। शमीम के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं, जबकि शहजाद के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनके अन्य आपराधिक मामलों, संभावित साथियों और पूर्व की घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी जुटाई जा रही है।