शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर सूर्यकांत धस्माना ने महंत देवेंद्र दास जी महाराज से की चर्चा, दरबार साहिब में टेका माथा
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर सूर्यकांत धस्माना ने महंत देवेंद्र दास जी महाराज से की चर्चा, दरबार साहिब में टेका माथा
देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट -प्रशांत चौधरी
भारत केसरी
उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने बुधवार को देहरादून स्थित ऐतिहासिक श्री दरबार साहिब पहुंचकर झंडे जी के दर्शन किए और सज्जादानशीन महंत देवेंद्र दास जी महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस दौरान प्रदेश की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दोनों के बीच विस्तृत चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान महंत देवेंद्र दास जी महाराज ने श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में निर्माणाधीन कैंसर विभाग के रेडिएशन ब्लॉक की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इसका निर्माण अंतिम चरण में है। इसके पूरा होने के बाद अस्पताल में कैंसर उपचार की सुविधाओं का विस्तार होगा।
महंत जी ने प्रदेश में कैंसर के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए खानपान में मिलावट तथा कृषि में यूरिया और कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल को भी गंभीर विषय बताया।
इस अवसर पर सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जिस तरह के कार्य सरकारों को करने चाहिए, उनमें श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल और एसजीआरआर संस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मुलाकात के बाद धस्माना ने दरबार साहिब परिसर स्थित गौशाला का भ्रमण किया और हाल ही में लाई गई गिर नस्ल की गायों को देखा। उन्होंने गौसेवा के कार्य की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने लंगर हॉल का निरीक्षण कर वहां संचालित निशुल्क भोजन सेवा को मानवता की सच्ची सेवा बताया।
इस दौरान अमित धवन भी मौजूद रहे।

