भाजपा प्रदेश मुख्यालय में धूमधाम से मना दीपोत्सव, सीएम धामी और महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं संग जलाए दीप
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में धूमधाम से मना दीपोत्सव, सीएम धामी और महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं संग जलाए दीप
देहरादून।
दीपावली के अवसर पर देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ दीप प्रज्वलित कर पर्व की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने कार्यकर्ताओं के साथ दीप जलाए और आतिशबाजी में भी हिस्सा लिया। दीपोत्सव के दौरान भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों की प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को दीपावली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशियां लेकर आए। उन्होंने प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के सरकार के संकल्प को भी दोहराया।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि दीपावली का पर्व नई ऊर्जा और सेवा भाव का संचार करता है। उन्होंने राज्य की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

