CM UTTRAKHANDUttrakhand

उत्तराखंड फिल्म पुरस्कारों पर CM धामी की मुहर, नरेंद्र सिंह नेगी और हेमंत पांडे को मिलेगा लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

उत्तराखंड फिल्म पुरस्कारों पर CM धामी की मुहर, नरेंद्र सिंह नेगी और हेमंत पांडे को मिलेगा लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड


 

देहरादून।

उत्तराखंड के फिल्म जगत और क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के तहत वर्ष 2024 और 2025 के लिए चयनित फिल्मों एवं कलाकारों को उत्तराखण्ड फिल्म पुरस्कार प्रदान किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

 

इस फैसले के तहत उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, क्षेत्रीय भाषा और सिनेमा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों, निर्देशकों, निर्माताओं और तकनीकी विशेषज्ञों को सम्मानित किया जाएगा।

 

खास बात यह है कि वर्ष 2024 के लिए प्रसिद्ध लोकगायक और गढ़वाली संस्कृति के संवाहक नरेंद्र सिंह नेगी को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए चुना गया है। वहीं, वर्ष 2025 के लिए अभिनेता हेमंत पांडे को इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा जाएगा। दोनों कलाकारों को दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

 

वर्ष 2024 की उत्तराखंडी बोली की फिल्मों में गढ़वाली फिल्म ‘घपरोल’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया है। वहीं, फिल्म ‘कारा एक प्रथा’ के लिए रमेश रावत को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और शिवानी भंडारी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा ‘घपरोल’ के लिए सिद्धार्थ शर्मा को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक एवं पटकथा लेखक और विनय चानना को सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफर के लिए चयनित किया गया है।

वर्ष 2025 के पुरस्कारों में हिंदी फिल्म ‘मनु क्या करेगा’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का सम्मान मिलेगा। वहीं, फिल्म ‘केसरी चैप्टर-2’ ने कई प्रमुख श्रेणियों में अपनी जगह बनाई है। फिल्म के लिए करण सिंह त्यागी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, अक्षय कुमार को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, अनन्या पांडे को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, आर. माधवन को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और जुबिन नौटियाल को सर्वश्रेष्ठ गायक के लिए चयनित किया गया है।

 

क्षेत्रीय सिनेमा की बात करें तो वर्ष 2025 में गढ़वाली फिल्म ‘रैबार’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार दिया जाएगा। जबकि फिल्म ‘द्वि होला जब साथ’ के लिए मनीष डिमरी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और कल्याणी गंगोला को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया है।

पुरस्कारों के तहत सर्वश्रेष्ठ फिल्म को दो लाख रुपये, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक को डेढ़ लाख रुपये और अन्य प्रमुख कलाकारों एवं तकनीकी विशेषज्ञों को एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके साथ ही निर्माता-निर्देशक को स्वर्ण ब्रह्मकमल और अन्य कलाकारों व तकनीशियनों को रजत ब्रह्मकमल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि उत्तराखंड की अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान है। क्षेत्रीय फिल्मों और स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन देकर प्रदेश की भाषा, लोकसंस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक सौंदर्य को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

फिल्म पुरस्कारों को मिली इस मंजूरी के बाद अब उत्तराखंड के क्षेत्रीय सिनेमा से जुड़े कलाकारों और फिल्म निर्माताओं को सम्मान के साथ आगे बढ़ने का नया मंच मिलने की उम्मीद है।