RishikeshUttrakhand

ऋषिकेश में 17 सितंबर को भव्य विश्वकर्मा जयंती, पहली बार होगा 1008 कुंडी महायज्ञ

ऋषिकेश। बस टर्मिनल कंपाउंड में विश्वकर्मा पूजा महायज्ञ समिति की ओर से पत्रकार वार्ता आयोजित कर आगामी विश्वकर्मा जयंती एवं महायज्ञ की तैयारियों की जानकारी दी गई।

आयोजकों के मुताबिक, पिछले करीब 40 वर्षों से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम को इस बार और भव्य रूप दिया जा रहा है। 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर सुबह 9 बजे विधिवत पूजन और हवन का आयोजन होगा।

वहीं, कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण त्रिवेणी घाट पर 1008 कुंडी महायज्ञ रहेगा। आयोजकों के अनुसार, तड़के 4 से 5 बजे के बीच महायज्ञ का शुभारंभ किया जाएगा। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा देश-प्रदेश की समृद्धि की कामना को लेकर आयोजित किया जा रहा है।

शाम को भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें सोना सिंह, मुकुल सिंह और उनकी टीम हिंदी, भोजपुरी और गढ़वाली लोकगीतों की प्रस्तुतियां देंगी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक प्रेमचंद अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इसके साथ ही स्वामी हरिओम जी महाराज सहित करीब 151 विद्वान पंडित एवं संत-महात्मा महायज्ञ में आहुति देंगे।

आयोजकों का कहना है कि ऋषिकेश में पहली बार इतने बड़े स्तर पर 1008 कुंडी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है और कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।