अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर न्याय की मांग, 18 सितंबर को गांधी पार्क में श्रद्धांजलि सभा
देहरादून। अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर न्याय, निष्पक्ष जांच और मामले से जुड़े सभी सवालों के जवाब सार्वजनिक करने की मांग उठाई है। बुधवार को प्रेस क्लब देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में सामाजिक, महिला, पूर्व सैनिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मामले से जुड़े VIP एंगल की निष्पक्ष जांच की मांग की।

वक्ताओं ने कहा कि घटना को चार वर्ष बीतने के बावजूद परिवार और प्रदेश की जनता के मन में कई सवाल अब भी बने हुए हैं। मंच ने मांग की कि हत्याकांड से जुड़े सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों, दस्तावेजों और परिस्थितियों की निष्पक्षता से जांच की जाए और यदि किसी प्रभावशाली व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसे भी जांच के दायरे में लाया जाए।
मंच ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने का संघर्ष किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति विशेष के खिलाफ अभियान नहीं है, बल्कि न्याय और जवाबदेही की मांग है। दोष सिद्ध होने पर सभी दोषियों को कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाने की मांग भी दोहराई गई।
18 सितंबर को गांधी पार्क में श्रद्धांजलि सभा

अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर 18 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे गांधी पार्क, देहरादून में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। मंच के अनुसार कार्यक्रम में करीब 50 सामाजिक संगठनों और भाजपा को छोड़कर अन्य राजनीतिक दलों की भागीदारी होगी। इस दौरान मानव श्रृंखला बनाकर अंकिता को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया जाएगा।
उत्तराखंड महिला मंच की कमला पंत ने कहा कि अंकिता को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा और यह लड़ाई उत्तराखंड की हर बेटी के सम्मान और सुरक्षा से जुड़ी है।
प्रेस वार्ता में कमला पंत, रवि चोपड़ा, सुजाता पॉल, पी.सी. थपलियाल, रविन्द्र असवाल समेत विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे
