राजकीय शिशु सदन के बच्चों के साथ रेखा आर्या ने मनाया सीएम धामी का जन्मदिन, बच्चों ने की ‘मामा’ के दीर्घायु जीवन की कामना
देहरादून, 16 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर केदारपुरम स्थित राजकीय शिशु सदन में बच्चों के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बच्चों के साथ केक काटकर मुख्यमंत्री का जन्मदिन मनाया। इस दौरान बच्चों ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। नन्हे प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा व कौशल का प्रदर्शन किया। कैबिनेट मंत्री ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
‘मुख्यमंत्री बच्चों के मामा, मैं बुआ के रूप में साथ’
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बच्चों के लिए ‘मामा’ हैं और वह स्वयं ‘बुआ’ के रूप में हमेशा उनके साथ खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों के बेहतर भविष्य, सर्वांगीण विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि राजकीय शिशु सदन में रह रहे प्रत्येक बच्चे को बेहतर अवसर, सुरक्षित वातावरण, शिक्षा और अपने सपनों को पूरा करने के लिए जरूरी सहयोग उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना का भी किया उल्लेख
रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के माध्यम से कोविड-19 महामारी अथवा अन्य परिस्थितियों में माता-पिता या अभिभावक को खोने वाले पात्र बच्चों की देखभाल, पुनर्वास और आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया है। योजना के तहत पात्र बच्चों को 21 वर्ष की आयु तक प्रतिमाह 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की जानकारी उन्होंने दी।
उन्होंने खेल प्रतिभाओं के लिए संचालित मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना का भी उल्लेख किया। इसके तहत पात्र बच्चों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की खेल छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
बेटियों के लिए नंदा गौरा योजना का जिक्र
मंत्री ने कहा कि सरकार की नंदा गौरा योजना के माध्यम से बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा तक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा संसाधनों की कमी के कारण अपने सपनों से वंचित न रहे। बच्चों को बेहतर शिक्षा, पोषण, सुरक्षा और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर भविष्य की ओर ले जाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं और उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की गई।
इस अवसर पर सचिव चंद्रेश यादव, निदेशक बंशीलाल राणा, सीपीओ अंजना गुप्ता, डीपीओ मीना बिष्ट समेत विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और राजकीय शिशु सदन के बच्चे मौजूद रहे।
