नशामुक्त भारत अभियान को गांव-गांव पहुंचाने की तैयारी, विकासखंड स्तर पर गठित हुई समितियां
देहरादून, 16 सितंबर 2026। नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों को रोकने और नशामुक्त भारत अभियान को विकासखंड स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल की है। राष्ट्रीय कार्ययोजना NAPDDR और नशामुक्त भारत अभियान (NMBA) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विकासखंड स्तर पर खंड स्तरीय समितियों का गठन किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की ओर से जारी आदेश के तहत गठित समिति नशे के खिलाफ जागरूकता गतिविधियों के संचालन, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और अभियान की निगरानी का काम करेगी।
बीडीओ होंगे समिति के अध्यक्ष
विकासखंड स्तर पर गठित समिति में खंड विकास अधिकारी (BDO) को अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में ग्राम पंचायत अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा नामित शिक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी/जिला परिवीक्षा अधिकारी द्वारा नामित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा नामित आशा कार्यकर्ता को सदस्य बनाया गया है।
वहीं, सहायक समाज कल्याण अधिकारी को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
युवाओं और विद्यार्थियों पर रहेगा विशेष फोकस
समिति के माध्यम से विकासखंड स्तर पर नशे के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने, समुदाय की भागीदारी बढ़ाने और नशे की रोकथाम के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के तहत विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय समुदाय को जोड़ा जाएगा, ताकि नशामुक्ति का संदेश गांव स्तर तक पहुंच सके।
कई विभाग मिलकर करेंगे काम
समिति में विकास, पंचायत, शिक्षा, बाल विकास, स्वास्थ्य और समाज कल्याण विभागों से जुड़े कार्मिकों को शामिल किया गया है। प्रशासन का मानना है कि बहु-विभागीय समन्वय से नशे की रोकथाम से जुड़ी गतिविधियों को अधिक प्रभावी तरीके से संचालित करने और उनकी नियमित निगरानी में मदद मिलेगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समिति में नामित प्रतिनिधियों से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गठित समिति से संबंधित आदेश को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के NMBA पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन की लोगों से अपील
जिला प्रशासन ने आमजन से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया है।
