देहरादून में स्कूली वाहनों पर डीएलएसए का शिकंजा, 107 वाहनों की जांच में 35 के चालान
देहरादून में स्कूली वाहनों पर डीएलएसए का शिकंजा, 107 वाहनों की जांच में 35 के चालान
कई स्कूली वाहनों में मिलीं गंभीर खामियां, बिना हेलमेट और लाइसेंस के स्कूटी चलाते मिले नाबालिग बच्चे
देहरादून, 16 नवंबर 2026।
भारत केसरी
स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), देहरादून ने एक सप्ताह का विशेष सघन सड़क सुरक्षा निरीक्षण अभियान शुरू किया है। 16 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के पहले ही दिन परिवहन विभाग की टीम के साथ 107 स्कूली वाहनों की जांच की गई, जिसमें अनियमितताएं मिलने पर 35 वाहनों के चालान किए गए।

उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल तथा अध्यक्ष एवं जिला जज हरीश कुमार गोयल के निर्देशों पर शुरू किए गए इस अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने परिवहन विभाग की टीम के साथ सर्वे चौक पर स्कूली बसों, वैन और अन्य वाहनों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई वाहनों में प्राथमिक उपचार किट (फर्स्ट एड बॉक्स) नहीं मिली, जबकि कुछ वाहनों में एक्सपायरी दवाइयां पाई गईं। कई वाहनों के इमरजेंसी एग्जिट काम नहीं कर रहे थे। इसके अलावा कुछ वाहनों में सीसीटीवी कैमरे और जीपीएस सिस्टम भी नहीं मिले। वहीं, कई स्कूल वैन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाने का मामला भी सामने आया।
नाबालिगों के हाथ में स्कूटी, बिना हेलमेट कर रहे थे सफर
अभियान के दौरान एक और चिंताजनक तस्वीर सामने आई। कई स्कूली बच्चे बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट के स्कूटी चलाते हुए मिले। कुछ स्कूटियों पर निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे। ऐसे बच्चों को मौके पर रोककर यातायात नियमों, हेलमेट की अनिवार्यता और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया गया।
22 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान
डीएलएसए सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि बच्चों का जीवन और उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है। स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और नाबालिगों द्वारा बिना लाइसेंस एवं हेलमेट वाहन चलाना बेहद चिंताजनक है। सड़क सुरक्षा केवल नियमों का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यालय प्रबंधन, वाहन संचालकों और अभिभावकों को भी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत स्कूली बसों, वैन, कैब और यात्री बसों के पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, बीमा, चालक के लाइसेंस, यात्री क्षमता, इमरजेंसी एग्जिट, अग्निशमन यंत्र और प्राथमिक उपचार किट सहित सभी अनिवार्य सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से सुधारात्मक और विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) रत्नाकर सिंह, परिवहन कर अधिकारी प्रज्ञा पंत सहित परिवहन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
डीएलएसए ने सभी विद्यालय प्रबंधनों, वाहन संचालकों और अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन एवं यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।

