Uttrakhand

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर की शुरुआत, फेक न्यूज पर अंकुश और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर दिया जोर

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का शुभारंभ, सरकारी योजनाओं की जानकारी अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी

 

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर की शुरुआत, फेक न्यूज पर अंकुश और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर दिया जोर

 

देहरादून।

भारत केसरी

राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय देहरादून में डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट की शुरुआत की गई। सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्वयं पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर इस नई डिजिटल पहल का शुभारंभ किया।

 

इस अवसर पर बंशीधर तिवारी ने कहा कि डिजिटल युग में पॉडकास्ट सूचना और संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इसके माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आम जनता तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकेगा। इस पहल से सरकारी सूचनाओं के प्रचार-प्रसार को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

फेक न्यूज पर जताई चिंता, सत्यता जांचने की अपील

*Bharat Kesari DIGITAL*

सूचना महानिदेशक ने सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही फेक न्यूज को गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भ्रामक सूचनाओं से बचने और विश्वसनीय जानकारी को बढ़ावा देने के लिए सभी को जागरूक रहना होगा।

 

स्थानीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने में सोशल मीडिया की अहम भूमिका

 

तिवारी ने कहा कि सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग से उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और लोकपर्वों को वैश्विक पहचान मिल रही है। हरेला, इगास और छठ पूजा जैसे पर्वों के माध्यम से हमारी सांस्कृतिक विरासत देश-दुनिया तक पहुंच रही है।

 

उन्होंने युवाओं और पत्रकारिता के विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक संवाद, विश्वसनीय सूचनाओं और जनजागरूकता के प्रसार के लिए करने की अपील की।

 

कार्यक्रम के दौरान सूचना महानिदेशक ने जिला सूचना कार्यालय देहरादून का निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

 

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी, अपर जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ सहायक इंद्रेश कोठारी सहित जिला सूचना कार्यालय के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।