देहरादून में गौकशी की कोशिश नाकाम, एक आरोपी गिरफ्तार; दो साथी फरार
देहरादून में गौकशी की कोशिश नाकाम, एक आरोपी गिरफ्तार; दो साथी फरार
पटेलनगर में खाली प्लॉट से गौवंशीय बछड़ा और कटान में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद, गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी जा चुका है जेल
देहरादून, 16 नवंबर 2026।
भारत केसरी
राजधानी देहरादून में गौवंशीय पशुओं की तस्करी और अवैध कटान के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पटेलनगर क्षेत्र में गौकशी की तैयारी कर रहे आरोपियों की सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार किया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक गौवंशीय बछड़ा और कटान में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त और संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध चेकिंग एवं गश्त अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 15 नवंबर की रात थाना पटेलनगर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति गौवंशीय पशु को अवैध कटान के लिए ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोशल बलूनी स्कूल जाने वाले रास्ते पर स्थित एक खाली प्लॉट में दबिश दी।
पुलिस ने मौके से शाहनवाज नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। तलाशी के दौरान मौके से गौवंशीय बछड़ा, कुल्हाड़ी, छुरी, चापड़ और अन्य कटान के औजार बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी शाहनवाज ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गंगोह का निवासी है और पिछले कई वर्षों से गौकशी के काम में लिप्त है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व में भी गौकशी और अन्य आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने दो साथियों साकिब और साहियान के साथ मिलकर एक गाय का बछड़ा चोरी किया था। कथित तौर पर वे उसका अवैध कटान कर मांस बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थे। इससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया।
दो फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहनवाज पुत्र मुनव्वर, निवासी कुरैशियन मोहल्ला, बड़ी मस्जिद, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
वहीं, फरार आरोपियों की पहचान साकिब पुत्र इस्तकार, निवासी खेड़ी सिकरोड़ा, भगवानपुर, हरिद्वार, हाल निवासी मदीना मस्जिद के पास ब्राह्मणवाला, पटेलनगर और साहियान पुत्र सलीम, निवासी कारगी ग्रांट, थाना पटेलनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी और उसके साथियों के विरुद्ध कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 870/26 दर्ज किया है। मामले में उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम की धारा 11/3/6 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11/3 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
– उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी आईएसबीटी
– उपनिरीक्षक बलवीर सिंह
– कांस्टेबल आशीष नैनवाल
– कांस्टेबल मुकेश रावत
– कांस्टेबल नितिन कुमार
दून पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध गतिविधियों और आपराधिक घटनाओं में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

