मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में छठ पूजा घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण, सूर्यदेव को अर्घ्य देकर की पूजा-अर्चना
खटीमा, ऊधम सिंह नगर
भारत केसरी
खटीमा में पूर्वांचल सेवा समिति की ओर से आयोजित छठ महापर्व के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने छठ पूजा घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया और भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री ने छठ व्रतियों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात कर सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अटूट आस्था, कठिन साधना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों की कठिन तपस्या और पूर्ण श्रद्धा के साथ की जाने वाली आराधना भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को दर्शाती है। यह महापर्व भौगोलिक दूरियों, भाषाई और क्षेत्रीय विविधताओं से ऊपर उठकर समाज को आस्था, आत्मीयता और भाईचारे के सूत्र में बांधता है।

मुख्यमंत्री ने छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, आरोग्यता और समृद्धि की कामना करते हुए उत्तराखंड के निरंतर विकास एवं खुशहाली की प्रार्थना की।

