CM UTTRAKHANDUttrakhand

गौ सेवा से विज्ञान तक! मथुरा में धामी ने खोले विकास के नए द्वार, कई प्रकल्पों का लोकार्पण-शिलान्यास

गौ संरक्षण, आयुर्वेद और वैज्ञानिक अनुसंधान को मिलेगा नया आयाम, मथुरा में सीएम धामी ने कई प्रकल्पों का किया लोकार्पण-शिलान्यास

परखम स्थित दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र में पशु आयुर्वेद और पारंपरिक ज्ञान के डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ; आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केन्द्र और नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण, तीन प्रमुख संस्थानों की रखी आधारशिला

मथुरा/देहरादून, 28 नवंबर। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह क्षेत्र स्थित गऊ-ग्राम परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में गौ संरक्षण, पशु आयुर्वेद, पारंपरिक ज्ञान और वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की गईं।

मुख्यमंत्री ने पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केन्द्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया गया। वहीं, आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और आवासीय परिसर का शिलान्यास किया गया।May be an image of text

गौ संरक्षण ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की समृद्धि से जुड़ा विषय : धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मथुरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। भगवान श्रीकृष्ण ने इसी पावन भूमि से मानवता को धर्म, कर्म और कर्तव्य का संदेश दिया। उनके जीवन के अनेक प्रसंग गौमाता के प्रति प्रेम और सम्मान को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से भी है। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति इस विचार को धरातल पर उतारने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। May be an image of dais and text

प्राचीन परंपराओं और आधुनिक विज्ञान के समन्वय पर जोर

मुख्यमंत्री ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गौ सेवा को केवल गोवंश संरक्षण तक सीमित न रखकर आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ना एक सराहनीय पहल है।

उन्होंने कहा कि आज गौ सेवा के क्षेत्र में ऐसी सोच की आवश्यकता है, जिसमें प्राचीन परंपराएं और आधुनिक विज्ञान एक-दूसरे के पूरक बनें। आयुर्वेद के ज्ञान को वैज्ञानिक अनुसंधान का आधार मिले तथा गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए नई संभावनाएं विकसित हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन प्रकल्पों का आज लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है, वे भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किए जा रहे हैं। ये संस्थान आने वाले समय में पशु चिकित्सा, अनुसंधान और गौ संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यहां से प्रशिक्षित विद्यार्थी और शोधार्थी नए विचारों को आगे बढ़ाने के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा को भी मजबूती प्रदान करेंगे।May be an image of camel and text

यमुना के माध्यम से उत्तराखण्ड और ब्रजभूमि का आध्यात्मिक संबंध

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखण्ड और ब्रजभूमि के बीच मां यमुना के माध्यम से जुड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि यमुना की पवित्र धारा देवभूमि उत्तराखण्ड और ब्रजभूमि को जोड़ती है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के यमुनोत्री धाम से निकलने वाली मां यमुना अनेक क्षेत्रों को जीवन प्रदान करते हुए ब्रजभूमि को सिंचित करती हैं। उत्तराखण्ड के हरिपुर-कालसी का भी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रहा है। मान्यता है कि प्राचीन समय में यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु हरिपुर-कालसी में मां यमुना के पवित्र जल में स्नान करने के बाद अपनी यात्रा प्रारंभ करते थे।

हरिपुर-कालसी को प्रमुख धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिपुर-कालसी की प्राचीन धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया गया है, जिसका हाल ही में लोकार्पण किया गया है। इसके साथ ही वहां मां यमुना की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। मुख्यमंत्री ने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी आने तथा मां यमुना की आरती में सम्मिलित होने का आमंत्रण भी दिया।

सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए ठोस प्रयास जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का उल्लेख करने से नहीं, बल्कि ठोस कार्यों और प्रयासों से संभव है। नदियों का संरक्षण, गोवंश का संवर्धन और अनुसंधान को नई दिशा देना हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा किए जा रहे कार्य उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के लिए अनुकरणीय हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी से अपना योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों, गौ सेवकों और सहयोगियों को विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।