CM UTTRAKHANDUttrakhand

विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का सीएम धामी ने किया शुभारंभ, हिमालयन इंस्टीट्यूट को ₹1 करोड़ देने की घोषणा

विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का सीएम धामी ने किया शुभारंभ, हिमालयन इंस्टीट्यूट को ₹1 करोड़ देने की घोषणा

50 से अधिक देशों के विशेषज्ञ और वैज्ञानिक ले रहे हिस्सा, छह महाद्वीपों में एक साथ हो रहे सत्रों में जलवायु परिवर्तन, आधुनिक तकनीक और आपदा प्रबंधन की चुनौतियों पर होगा मंथन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए ₹1 करोड़ देने की घोषणा की। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और विभिन्न तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

सिलक्यारा सुरंग रेस्क्यू ऑपरेशन की ऐतिहासिक सफलता के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस सम्मेलन में आपदा प्रबंधन की आधुनिक रणनीतियों, तकनीकी नवाचार, वैज्ञानिक अनुसंधान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर व्यापक चर्चा की जाएगी। सम्मेलन के विभिन्न सत्र छह महाद्वीपों में एक साथ आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें 30 से अधिक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों तथा 30 से अधिक सहयोगी संस्थानों की भागीदारी भी है।

सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन को बताया मानवता और सामूहिक संकल्प की मिसाल

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में सिलक्यारा सुरंग हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2023 में सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सुरक्षित बाहर निकालना केवल एक रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता नहीं, बल्कि मानवता, साहस, धैर्य और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक विजय थी।

उन्होंने रेस्क्यू अभियान में योगदान देने वाले इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रैट माइनर्स, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, केंद्रीय एवं राज्य एजेंसियों और स्थानीय नागरिकों की भूमिका की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब बड़ी मशीनों के सामने चुनौतियां आईं, तब रैट माइनर्स ने अपने कौशल और साहस से अभियान के अंतिम चरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने बताया कि इस कठिन अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार स्थिति की जानकारी लेते रहे और आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करते रहे।

आपदा प्रबंधन में राहत से ज्यादा जरूरी पूर्व तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण दुनिया के विभिन्न हिस्सों में अतिवृष्टि, बाढ़, सूखा, भूस्खलन, वनाग्नि और चरम मौसमी घटनाओं का प्रभाव बढ़ रहा है। इनका असर केवल जन-धन की हानि तक सीमित नहीं है, बल्कि अर्थव्यवस्था, कृषि, प्राकृतिक संसाधनों और सामाजिक संरचना पर भी पड़ता है।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन का उद्देश्य केवल आपदा आने के बाद राहत और बचाव कार्य करना नहीं होना चाहिए, बल्कि संभावित जोखिमों का पूर्वानुमान, समय रहते तैयारी और जन-धन की हानि को न्यूनतम करना भी इसकी प्राथमिकता होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आपदा प्रबंधन की प्रतिक्रियात्मक व्यवस्था से आगे बढ़कर पूर्वानुमान, पूर्व तैयारी और जोखिम न्यूनीकरण की दिशा में काम कर रहा है।

हिमालयी क्षेत्रों की सुरक्षा पर विशेष जोर

धामी ने कहा कि उत्तराखंड सहित पूरा हिमालयी क्षेत्र भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील है। वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा, 2021 की चमोली आपदा और सिलक्यारा सुरंग की घटना ने स्पष्ट किया है कि हिमालयी क्षेत्रों में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि हिमालय से निकलने वाली नदियां करोड़ों लोगों के जीवन का आधार हैं। ग्लेशियर, वन, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा पूरे क्षेत्र की जल एवं पर्यावरणीय सुरक्षा से जुड़ी है। जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, ग्लेशियरों का पिघलना, बादल फटना, अतिवृष्टि और भूस्खलन जैसी घटनाओं का वैज्ञानिक अध्ययन तथा प्रभावी पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करना समय की जरूरत है।

AI, ड्रोन और सैटेलाइट तकनीक से मजबूत होगा आपदा प्रबंधन

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन में आधुनिक तकनीक और पारंपरिक ज्ञान के समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और ड्रोन तकनीक के माध्यम से आपदा संबंधी जोखिमों का बेहतर आकलन किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इन तकनीकों का लाभ प्रदेश के दूरस्थ गांवों तक पहुंचना चाहिए, ताकि समय रहते चेतावनी जारी करने और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था प्रभावी बनाई जा सके।

घर और समुदाय से शुरू होगी आपदा से मुकाबले की तैयारी

सम्मेलन की थीम ‘रेजिलिएंस स्टार्ट्स एट होम—एंटीसिपेटिंग रिस्क्स, बिल्डिंग रेजिलिएंस, ट्रांसफॉर्मिंग फ्यूचर’ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा से मुकाबले की तैयारी केवल सरकारी संस्थाओं और विशेषज्ञों तक सीमित नहीं रह सकती। इसकी शुरुआत घर, गांव, विद्यालय, कार्यालय और स्थानीय समुदाय से होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित युवा, पंचायतें, स्थानीय संस्थाएं और समुदाय आधारित चेतावनी प्रणाली आपदा के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को किया जा रहा मजबूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एसडीआरएफ को मजबूत बनाने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बेहतर बनाने पर काम कर रही है। आपदा के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव के साथ प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास और पुनर्निर्माण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई आपदा का उल्लेख करते हुए प्रभावित लोगों के बीच पहुंचने और राहत कार्यों का जायजा लेने का अनुभव भी साझा किया। इस दौरान गुजरात की एक महिला द्वारा उन्हें धर्मभाई मानकर राखी बांधने के प्रसंग को उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना और विश्वास का प्रतीक बताया।

विकास योजनाओं में पर्यावरण और मानवीय सुरक्षा सर्वोपरि

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की कोई भी परियोजना मानव जीवन से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकती। इसलिए प्रत्येक विकास योजना में पर्यावरणीय संतुलन, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के पहलुओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। विकास और पारिस्थितिकी के बीच संतुलन स्थापित करके ही सुरक्षित और टिकाऊ भविष्य का निर्माण संभव है।

उन्होंने विश्वास जताया कि विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन में होने वाला विचार-विमर्श उत्तराखंड सहित पूरे हिमालयी क्षेत्र और दुनिया के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के लिए उपयोगी साबित होगा।

कार्यक्रम में उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिल्ला, दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल सहित विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।