Uncategorized

साईं भजनों से गूंजा ऋषिकेश का साईं धाम, 26वें वार्षिक उत्सव में प्रेमचंद अग्रवाल ने लगाई हाजिरी

साईं भजनों से गूंजा ऋषिकेश का साईं धाम, 26वें वार्षिक उत्सव में प्रेमचंद अग्रवाल ने लगाई हाजिरी

श्रद्धालुओं के साथ भजन-कीर्तन में शामिल हुए विधायक, मंदिर की छत, दीवार और सड़क निर्माण के लिए तीन बार विधायक निधि देने पर कमेटी ने जताया आभार

ऋषिकेश। ऋषिकेश स्थित साईं धाम का 26वां वार्षिक उत्सव भक्तिमय माहौल और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग कर साईं बाबा के चरणों में शीश नवाया और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की।

कार्यक्रम में पहुंचने पर मंदिर कमेटी के सदस्यों ने फूलमालाओं और पटका पहनाकर विधायक का आत्मीय स्वागत किया। डॉ. अग्रवाल ने सभी को वार्षिक उत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

साईं भजनों पर झूमे श्रद्धालु, संकीर्तन में शामिल हुए विधायक

 

वार्षिक उत्सव के दौरान साईं भजनों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम और संकीर्तन का आयोजन किया गया। डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने श्रद्धालुओं के साथ भजन-कीर्तन में सहभागिता की। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

तीन बार विधायक निधि देने पर मंदिर कमेटी ने जताया आभार

इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष अशोक थापा ने मंदिर की छत, दीवारों और सड़क सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए तीन बार विधायक निधि उपलब्ध कराने पर डॉ. अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधायक निधि से कराए गए कार्यों के चलते मंदिर परिसर में सुविधाओं का विस्तार हुआ है और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।

धार्मिक स्थलों का विकास हमारी जिम्मेदारी : अग्रवाल

डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल हमारी संस्कृति और आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। ऐसे स्थलों का विकास और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनका दायित्व है। उन्होंने साईं धाम के 26वें वार्षिक उत्सव के सफल आयोजन के लिए मंदिर कमेटी के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में वेद प्रकाश ढिंगड़ा, एकांत गोयल, शिव कुमार गौतम, संजीव पाल, जितेंद्र पाल, हर्ष पाल, माया घाले, विनोद जुनेजा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।