रमोला के निधन से कांग्रेस को बड़ा झटका, गोदियाल-हरीश रावत समेत दिग्गजों ने किया नमन
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शंकर चंद्र रमोला को भावभीनी श्रद्धांजलि, प्रदेश मुख्यालय में उमड़ा नेताओं का हुजूम
दीपा दास मुंशी की अध्यक्षता में बैठक से पहले रखा गया दो मिनट नहीं, एक मिनट का मौन; गणेश गोदियाल, हरीश रावत, यशपाल आर्य और प्रीतम सिंह समेत दिग्गज नेताओं ने जताया शोक
देहरादून। उत्तराखण्ड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश महामंत्री स्वर्गीय शंकर चंद्र रमोला के निधन से कांग्रेस संगठन में शोक की लहर है। उनके निधन पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान नेताओं ने उनके संगठनात्मक योगदान, पार्टी के प्रति समर्पण और जनसेवा के कार्यों को याद करते हुए इसे कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखण्ड स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दास मुंशी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक से पूर्व उपस्थित नेताओं ने एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।
संगठन को मजबूत करने में निभाई अहम भूमिका
श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शंकर चंद्र रमोला ने अपना संपूर्ण जीवन कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और संगठन को मजबूत करने के लिए समर्पित किया। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और सक्रिय योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
नेताओं ने कहा कि रमोला का सरल स्वभाव, संगठन के प्रति प्रतिबद्धता और जनसेवा की भावना पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
ग्राम प्रधान रहते हुए भी कराए कई विकास कार्य
कांग्रेस नेताओं ने उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि ग्राम प्रधान के रूप में भी उन्होंने अपने ग्रामसभा क्षेत्र में अनेक विकास कार्य कराए। उनके द्वारा किए गए सामाजिक और विकास कार्यों को क्षेत्र की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ता हमेशा याद रखेंगे।
नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक काजी निजामुद्दीन, पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी प्रकाश जोशी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
