देहरादून में आज रात बजेगा ‘एयर रेड’ का सायरन, 25 मिनट तक रहेगा ब्लैकआउट; तीन स्थानों पर होगी मॉक ड्रिल

देहरादून में आज रात बजेगा ‘एयर रेड’ का सायरन, 25 मिनट तक रहेगा ब्लैकआउट; तीन स्थानों पर होगी मॉक ड्रिल
रात 10:05 बजे दो मिनट तक बजेगा अलर्ट सायरन, 10:30 बजे ‘ऑल क्लियर’ का संकेत; कैपरी ट्रेड सेंटर, बन्नू स्कूल और DEAL में होगा अभ्यास, प्रशासन की लोगों से न घबराने की अपील
देहरादून। राजधानी देहरादून में आज रात आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए सिविल डिफेंस की ओर से ‘नाइट एयर रेड’ और ‘ब्लैकआउट’ मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान रात 10:05 बजे दो मिनट तक एयर रेड अलर्ट का सायरन बजाया जाएगा। वहीं, अभ्यास समाप्त होने और स्थिति सामान्य होने का संकेत देने के लिए रात करीब 10:30 बजे दोबारा दो मिनट तक सायरन बजाकर ‘ऑल क्लियर’ का संदेश दिया जाएगा।
करीब 25 मिनट तक चलने वाले इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में संबंधित एजेंसियों की तैयारियों, आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना है।
तीन स्थानों पर होगा मॉक ड्रिल का अभ्यास
जिला प्रशासन ने ‘नाइट एयर रेड’ और ‘ब्लैकआउट’ मॉक ड्रिल के लिए देहरादून में तीन स्थान चिह्नित किए हैं। इनमें चकराता रोड स्थित कैपरी ट्रेड सेंटर, रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल और रायपुर रोड स्थित DEAL शामिल हैं।
इन तीनों स्थानों पर सिविल डिफेंस की टीमें आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत अभ्यास करेंगी।
एयर रेड अलर्ट के बाद सक्रिय होंगी आपातकालीन टीमें
अभ्यास के दौरान रात 10:05 बजे एयर रेड अलर्ट जारी होने के बाद सिविल डिफेंस की टीम जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को एयर रेड हमले की सूचना देगी। इसके बाद निर्धारित एसओपी के अनुसार संबंधित एजेंसियों की सक्रियता, सूचना के आदान-प्रदान और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था का परीक्षण किया जाएगा।
सायरन सुनकर न घबराएं, अफवाहों से रहें दूर : प्रशासन
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि रात में सायरन की आवाज सुनकर घबराएं नहीं। यह किसी वास्तविक हमले या खतरे का संकेत नहीं, बल्कि पूर्व निर्धारित मॉक ड्रिल का हिस्सा है।
जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि रात 10:05 बजे बजने वाला सायरन एयर रेड अलर्ट का संकेत होगा, जबकि करीब 10:30 बजे बजने वाला दूसरा सायरन ‘ऑल क्लियर’ यानी अभ्यास समाप्त होने और स्थिति सामान्य होने की सूचना देगा।
प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी प्रकार की अनावश्यक घबराहट से बचने की अपील की है।
