Uttrakhand

मिशन 2027 के लिए भाजपा का ‘बूथ विजय अभियान’, हैट्रिक की तैयारी में जुटेगी पार्टी; घर-घर पहुंचेगा सरकार का रिपोर्ट कार्ड

मिशन 2027 के लिए भाजपा का ‘बूथ विजय अभियान’, हैट्रिक की तैयारी में जुटेगी पार्टी; घर-घर पहुंचेगा सरकार का रिपोर्ट कार्ड

10 से 25 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान, 10 दिसंबर को अल्मोड़ा से हो सकता है आगाज; राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के शामिल होने का प्रस्तावित कार्यक्रम, बूथ सशक्तिकरण के साथ कार्यकर्ताओं को साधने की रणनीति

देहरादून, 28 नवंबर। उत्तराखण्ड में मिशन 2027 की चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए भाजपा अब बूथ स्तर पर अपनी ताकत बढ़ाने में जुटने जा रही है। विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी जीत यानी हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ पार्टी दिसंबर में 15 दिवसीय ‘बूथ विजय अभियान’ चलाएगी। इस अभियान के जरिए भाजपा बूथों को मजबूत करने के साथ सरकार की उपलब्धियों और रिपोर्ट कार्ड को घर-घर पहुंचाकर जनता से सीधा संवाद करेगी।

अभियान की शुरुआत 10 दिसंबर को अल्मोड़ा से प्रस्तावित है। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के शामिल होने और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उनके 9 और 10 दिसंबर को दो दिवसीय देवभूमि प्रवास का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

बूथ विजय अभियान से चुनावी हैट्रिक का लक्ष्य

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने की रणनीति के तहत बूथ विजय अभियान शुरू करने जा रही है। 10 से 25 दिसंबर तक चलने वाला यह अभियान संगठनात्मक मजबूती और चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होगा।  Kundan Parihar (@KundanParihaar) / X

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित प्रवास के दौरान 9 दिसंबर की शाम प्रदेश कोर कमेटी की बैठक आयोजित होगी। वहीं, 10 दिसंबर को अल्मोड़ा में बूथ विजय अभियान का शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में प्रस्तावित है।

बूथ अध्यक्ष के घर लगेगी नाम पट्टिका, फहराएगा पार्टी का झंडा

कुंदन परिहार ने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर संगठनात्मक मजबूती को प्रदर्शित करने के लिए बूथ अध्यक्ष के घर पर उनके नाम की पट्टिका लगाई जाएगी। इसके साथ ही पार्टी का झंडा भी लगाया जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अल्मोड़ा लोकसभा क्षेत्र के एक बूथ की बैठक लेकर अभियान का आगाज कर सकते हैं। इसके बाद अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र में वृहद स्तर पर शक्ति केंद्र सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

लाभार्थियों से संपर्क, नाराज और निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को भी साधेगी भाजपा

इस अभियान में भाजपा की रणनीति केवल बूथ समितियों तक सीमित नहीं रहेगी। पार्टी कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क कर सरकार का संदेश उन तक पहुंचाएंगे। बूथ क्षेत्र में रहने वाले मतदाताओं से मुलाकात कर उन्हें पार्टी के पक्ष में जोड़ने का प्रयास भी किया जाएगा।

इसके साथ ही ऐसे कार्यकर्ताओं और समर्थकों से भी संपर्क किया जाएगा, जो किसी कारण या व्यस्तता के चलते संगठनात्मक गतिविधियों से दूर हो गए हैं। पार्टी का प्रयास उन्हें दोबारा संगठन से जोड़कर बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाना है।

घर-घर पहुंचेगा सरकार का रिपोर्ट कार्ड

प्रदेश महामंत्री ने बताया कि बूथ विजय अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों और रिपोर्ट कार्ड को घर-घर पहुंचाएंगे। इसके माध्यम से जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित कर सरकार के कार्यों की जानकारी साझा की जाएगी।

भाजपा की इस रणनीति का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना, लाभार्थियों से संपर्क बढ़ाना और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के पक्ष में मजबूत जनाधार तैयार करना है।