SportsUttrakhand

26 जनवरी को डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत को मिलेगा राष्ट्रीय उत्कृष्टता सम्मान 2026

दिल्ली/देहरादून।
उत्तराखंड में खेलों के विकास के लिए पिछले 27 वर्षों से निरंतर संघर्ष और समर्पण के साथ कार्य कर रहे उत्तराखंड के पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, रेफरी, अंतरराष्ट्रीय कोच, उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत को राष्ट्रीय उत्कृष्टता सम्मान–2026 से सम्मानित किया जाएगा।

यह सम्मान 26 जनवरी 2026, गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली में आयोजित समारोह में भारत सरकार से संबद्ध संस्था वर्थी वेलनेस फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा प्रदान किया जाएगा। ट्रस्ट के डायरेक्टर राम मोहन बाजपेई एवं एडमिनिस्ट्रेटर हर्षित बाजपेई डॉ. रावत को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे।

डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने उत्तराखंड में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार आवाज उठाई है। उन्होंने खेल नीति, स्पोर्ट्स कोटा और खिलाड़ियों के अधिकारों को लेकर सरकार को समय-समय पर जगाने का कार्य किया। अपने संघर्ष के दौरान उन्होंने धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल जैसे आंदोलन भी किए, जिनका सकारात्मक प्रभाव यह रहा कि सरकार ने खेल नीति एवं खिलाड़ियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

डॉ. रावत को खेलों के क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए अब तक देशभर के विभिन्न राज्यों से लगभग 85 से अधिक राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

56 वर्ष की आयु में भी डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत युवाओं जैसी ऊर्जा और जोश के साथ सक्रिय हैं। वे आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार और कार्य युवाओं को नशा, फास्ट फूड और मोबाइल की लत से दूर रहकर मानसिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनने की प्रेरणा देते हैं।

डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत को मिलने वाला यह सम्मान न केवल उनके वर्षों के संघर्ष और समर्पण की पहचान है, बल्कि उत्तराखंड सहित पूरे देश के खेल जगत के लिए गर्व का विषय भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *