DEHRADUNDM DEHRADUNUttrakhand

जनता दर्शन में 162 शिकायतें, फर्जी जन्म प्रमाण पत्र और जमीन विवाद सहित कई मामलों में जांच के निर्देश

शीर्षक: जनता दर्शन में 162 शिकायतें, फर्जी जन्म प्रमाण पत्र और जमीन विवाद सहित कई मामलों में जांच के निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 162 शिकायतें प्राप्त हुईं। अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जनता दर्शन के दौरान ईदगाह निवासी वरिष्ठ नागरिक दुलीचंद ने शिकायत करते हुए बताया कि उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कचहरी स्थित एक स्टाम्प वेंडर/टाइपिस्ट को अपने दस्तावेज दिए थे। आरोप है कि टाइपिस्ट ने उनसे 11,500 रुपये लेकर एक माह बाद जन्म प्रमाण पत्र दिया, लेकिन आधार कार्ड अपडेट कराने के दौरान नगर निगम की जांच में वह फर्जी पाया गया और निरस्त कर दिया गया। पैसे वापस मांगने पर धमकी मिलने की भी शिकायत की गई। इस मामले में अपर जिलाधिकारी ने नगर निगम और पुलिस को जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं मोथोरोवाला निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने शिकायत की कि उनके पुत्र और पुत्रवधू द्वारा उनके साथ मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और प्रताड़ना की जा रही है। मामले में डीएम कोर्ट में भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज है। उन्होंने बताया कि उप जिलाधिकारी (सदर) द्वारा थाना नेहरू कॉलोनी को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया था, लेकिन मामला बार-बार थाना नेहरू कॉलोनी और बाईपास चौकी के बीच भेजे जाने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अपर जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए सीओ डालनवाला को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

हर्रावाला निवासी लक्ष्मणदास ने शिकायत की कि उन्होंने भूमि क्रय के लिए अनुबंध कर दो लाख रुपये नकद दिए थे। अनुबंध में रास्ता 15 फीट बताया गया था, जबकि मौके पर रास्ता 12 फीट ही निकला। पैसे वापस मांगने पर संबंधित डीलर द्वारा धमकाने की बात कही गई। इस मामले में सीओ डोईवाला को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

अनारवाला निवासी सागर थापा ने शिकायत में बताया कि एक व्यक्ति ने उन्हें हांगकांग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर चार लाख रुपये ले लिए और पिछले 10 महीनों से बहाने बना रहा है। आरोपी ने उनका नंबर भी ब्लॉक कर दिया है। इस प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है।

इसके अलावा बापूनगर जाखन निवासी सुनीता खंडूरी ने बताया कि अगस्त 2025 में हुई अतिवृष्टि से उनके घर के पास का रास्ता और पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे मकान को खतरा बना हुआ है। इस पर अधीक्षण अभियंता प्रांतीय खंड ने जानकारी दी कि 18.89 लाख रुपये का आगणन तैयार कर लिया गया है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

जनता दर्शन कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, उप नगर आयुक्त नगर निगम संतोष पांडेय, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

—0—