बिरसा मुंडा के सम्मान में भाजपा का बड़ा अभियान, 18 नवंबर तक पूरे उत्तराखंड में होंगे कार्यक्रम!
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर भाजपा ने किया नमन, 18 नवंबर तक प्रदेशभर में होंगे कार्यक्रम
देहरादून, 15 नवंबर
भारत केसरी
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उत्तराखंड भाजपा ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई। देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान जनजातीय समाज के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और उनके बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों के खिलाफ जनजातीय समाज को जागरूक और एकजुट कर स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका संघर्ष और बलिदान देश के इतिहास में सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य जनजातीय समाज के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाना है।

राम माधव ने कहा कि उत्तराखंड में भी विभिन्न जनजातीय समुदाय निवास करते हैं। जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और संघर्ष को समाज के बीच पहुंचाया जाएगा।

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि देश की आजादी का आंदोलन किसी एक वर्ग या दल का नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के सामूहिक संघर्ष का परिणाम था। इसमें जनजातीय समाज का योगदान भी बेहद महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर तक प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों और जिला कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय समाज के स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और समाज के उत्थान में उनके योगदान को जनता के बीच रखा जाएगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, देहरादून कैंट विधायक सविता कपूर, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, दीप्ति रावत, दायित्वधारी ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने और आने वाली पीढ़ियों को उससे परिचित कराने का अवसर है।

