ऋषिकेश में राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का समापन, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
ऋषिकेश में राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का समापन, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
ऋषिकेश, 15 नवंबर 2026।
भारत केसरी
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के खदरी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता-2026 का समापन समारोह उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

डॉ. अग्रवाल ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन खेल भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ना ही एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के क्षेत्र में मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नालंदा शिक्षण संस्थान के प्रबंधक महावीर उपाध्याय, शिवालिक भागीरथी स्कूल के प्रबंधक लक्ष्मण सिंह चौहान, पूर्व प्रधान सरोप सिंह पुंडीर, मोहन सिंह रावत, टीम कोच गुरदेव सिंह रावत, कार्यक्रम संचालक नागेंद्र प्रसाद, ताजबीर सिंह पडियार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
