उत्तराखंड में सड़क हादसों का कहर: 24 घंटे में पांच दुर्घटनाएं, 19 लोगों की मौत, 38 घायल
उत्तराखंड में सड़क हादसों का कहर: 24 घंटे में पांच दुर्घटनाएं, 19 लोगों की मौत, 38 घायल
देहरादून।
भारत केसरी
उत्तराखंड में बीते 24 घंटे सड़क हादसों के लिहाज से बेहद दर्दनाक रहे। टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जनपद में अलग-अलग स्थानों पर हुई पांच सड़क दुर्घटनाओं में अब तक 19 लोगों की मौत और 38 लोगों के घायल होने की सूचना है। हादसों में एक यात्री बस, यूटिलिटी वाहन, स्कूटी और बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुए।
सबसे बड़ा हादसा मंगलवार 17 नवंबर की सुबह करीब पांच बजे ऋषिकेश-कीर्तिनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर पुल के समीप हुआ। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस संख्या UK09PA9779 अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस में कुल नौ लोग सवार बताए गए। इस दुर्घटना में शुरुआती सूचना के अनुसार सात लोगों की मौत हुई, जबकि दो घायलों ने एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह बस हादसे में कुल नौ लोगों की जान चली गई।
दूसरी दुर्घटना 16 नवंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे टिहरी जनपद की पावकी देवी तहसील के बांसकाटल के पास हुई। यहां आठ लोगों को लेकर जा रहा यूटिलिटी कैंपर वाहन करीब 60 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में वीर सिंह नामक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल ऋषिकेश में भर्ती कराया गया।
तीसरी दुर्घटना शिवपुरी क्षेत्र में रात करीब 10 बजकर 15 मिनट पर हुई, जहां एक स्कूटी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्कूटी पर सवार दोनों युवकों आशीष और प्रेम सिंह जखोड़ी की मौत हो गई।
चौथा हादसा इसी रात टिहरी के बालगंगा क्षेत्र में चमियाला-बूढ़ाकेदार मोटर मार्ग पर भटेडी बैंड के पास हुआ। यहां स्कूटी और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में 35 वर्षीय सुरेंद्र सिंह की जान चली गई।
वहीं, पांचवीं दुर्घटना जनपद रुद्रप्रयाग की ऊखीमठ तहसील के अंतर्गत कण्डारा मोटर मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप रात करीब 9 बजकर 15 मिनट पर हुई। यहां 10 लोगों को लेकर जा रही बोलेरो संख्या UK13TA1013 गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए। घायलों को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया गया है। इनमें चार घायलों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
उधर, गूलर बस हादसे के बाद जिलाधिकारी टिहरी, पुलिस अधीक्षक, प्रशासन, पुलिस, राजस्व विभाग, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।

लगातार सामने आए इन हादसों ने एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा, वाहनों के नियंत्रण और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
