Uttrakhand

टिहरी बस हादसे के पीड़ितों को मिलेगी आर्थिक सहायता, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और गंभीर घायलों को 1 लाख रुपये

टिहरी बस हादसे के पीड़ितों को मिलेगी आर्थिक सहायता, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और गंभीर घायलों को 1 लाख रुपये

 

मुख्यमंत्री धामी और परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने जताया दुख, दुर्घटना की मजिस्ट्रियल और तकनीकी जांच के निर्देश

 

देहरादून, भारत केसरी

टिहरी जनपद में हुए सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Oplus_16908288

परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने जिलाधिकारी टिहरी और आरटीओ देहरादून को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना में मृतकों के आश्रितों को परिवहन विभाग के कोष से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। वहीं गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये की राहत राशि तथा अन्य घायलों को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने की कार्रवाई जल्द सुनिश्चित की जाए।

मंत्री ने अधिकारियों को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने और प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत पात्र घायलों को आवश्यक चिकित्सा एवं राहत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत और उपचार के कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

निर्देशों के क्रम में परिवहन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। वहीं आरटीओ प्रवर्तन देहरादून और एआरटीओ प्रवर्तन ऋषिकेश की टीमें एम्स ऋषिकेश पहुंचकर घायलों के उपचार और प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराने में जुटी हैं।

 

परिवहन मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी मुख्यमंत्री राहत कोष से परिवहन विभाग की ओर से दी जा रही सहायता के अतिरिक्त आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

 

इसके साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मजिस्ट्रियल और तकनीकी जांच कराने तथा जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

सरकार ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।