Uttrakhand

दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी रफ्तार, CM धामी ने दो ‘आरोग्य रथ’ को दिखाई हरी झंडी

दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी रफ्तार, CM धामी ने दो ‘आरोग्य रथ’ को दिखाई हरी झंडी

 

अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचेगी मोबाइल मेडिकल यूनिट, चिकित्सक और दवाओं सहित मिलेगी प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा

 

देहरादून। भारत केसरी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, देहरादून से अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जनपदों के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो मोबाइल मेडिकल यूनिट ‘आरोग्य रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह पहल पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के अंतर्गत टीएसएल फाउंडेशन की ओर से शुरू की गई है। इसके माध्यम से पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीक ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के करीब पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मोबाइल मेडिकल यूनिट के संचालन से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन आरोग्य रथों में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गई है। इनके माध्यम से प्राथमिक एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही बीमारियों की शुरुआती पहचान और समय पर चिकित्सकीय परामर्श देने में मदद मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विशेष रूप से पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सरकारी प्रयासों के साथ कॉर्पोरेट संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।

 

इस दौरान उत्तराखण्ड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह शाही, सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन की सीनियर डायरेक्टर (CSR) अनंतिका सिंह, टीएसएल ग्रुप के सीईओ साहिल अरोड़ा, डायरेक्टर आदेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।