गूलर बस हादसे पर गणेश गोदियाल और हरीश रावत ने जताया दुख, उच्च स्तरीय जांच और मुआवजे की मांग
गूलर बस हादसे पर गणेश गोदियाल और हरीश रावत ने जताया दुख, उच्च स्तरीय जांच और मुआवजे की मांग
देहरादून, 17 नवंबर।
भारत केसरी
टिहरी गढ़वाल के गूलर क्षेत्र में ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस के दुर्घटनाग्रस्त होने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक संवेदना प्रकट करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

गणेश गोदियाल ने कहा कि यह हृदयविदारक दुर्घटना कई परिवारों के लिए असहनीय पीड़ा लेकर आई है। इस दुख की घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार पीड़ित परिजनों के साथ खड़ा है। उन्होंने पहाड़ी मार्गों पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बस हादसे की उच्च स्तरीय जांच कराने, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। हरीश रावत ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने दुर्घटना में घायल लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों का भी जायजा लिया।
कांग्रेस की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया कि इस दुख की घड़ी में पार्टी के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी हादसे के पीड़ित परिवारों के साथ हैं। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने दी।

