बैकुंठ चतुर्दशी मेले में महिला पत्रकार से बदसलूकी, कांग्रेस ने सरकार को घेरा
हेडलाइन: महिला पत्रकार से अभद्रता पर गरमाई सियासत, गणेश गोदियाल ने सरकार को घेरा
देहरादून।
भारत केसरी
श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले के दौरान महिला पत्रकार गंगा असनोड़ा थपलियाल के साथ पुलिस के कथित अभद्र व्यवहार का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पत्रकारिता के अधिकारों पर हमला बताया है।

गोदियाल ने आरोप लगाया कि महिला पत्रकार को मुख्यमंत्री के भाषण की कवरेज करने से रोकना और उनके साथ अभद्र व्यवहार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार पत्रकारों के सवालों और उनकी कवरेज से इतनी असहज क्यों है?
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उनका काम सत्ता की प्रशंसा करना नहीं, बल्कि जनता की आवाज और सवालों को सरकार तक पहुंचाना है। सरकार को पत्रकारों को रोकने के बजाय उनके सवालों का जवाब देना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि श्रीनगर क्षेत्र, जहां से कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत प्रतिनिधित्व करते हैं, वहां एक महिला पत्रकार के साथ इस तरह का व्यवहार होना गंभीर चिंता का विषय है।
गोदियाल ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने और महिला पत्रकार के सम्मान एवं पत्रकारिता के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि क्या सरकार इस पूरे प्रकरण पर जवाब देगी और क्या पत्रकारों की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए कोई ठोस कदम उठाए जाएंगे ?

