भारत-नेपाल की संस्कृति का संगम बना झनकईया मेला, सीएम धामी ने किया शुभारंभ धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार!
खटीमा, भारत केसरी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर खटीमा में आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया और काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झनकईया का ऐतिहासिक मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और परंपराओं का संगम है। भारत-नेपाल सीमा पर आयोजित होने वाला यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक रिश्तों और आपसी सद्भाव को भी मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झनकईया का ऐतिहासिक मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और परंपराओं का संगम है। भारत-नेपाल सीमा पर आयोजित होने वाला यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक रिश्तों और आपसी सद्भाव को भी मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि मेले में उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों के साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की सहभागिता, पारंपरिक लोकगीत और लोकनृत्य इस मेले को विशेष पहचान देते हैं। साथ ही यह आयोजन स्थानीय व्यापारियों और कारीगरों को रोजगार एवं कारोबार के अवसर भी उपलब्ध कराता है।

सीमांत और जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है
प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम-जनमन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार से चर्चा के बाद उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने जनजातीय महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, वन धन केंद्रों और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की बात भी कही।
वहीं, प्रदेश में विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से स्नान घाटों, सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर वोकल फॉर लोकल का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

