ऋषिकेश में समरसता संकल्प यात्रा का शक्ति प्रदर्शन! प्रेमचंद अग्रवाल ने की पुष्पवर्षा, दिग्गज भाजपा नेता रहे मौजूद
गुरु रविदास जयंती की 650वीं वर्षगांठ पर समरसता संकल्प यात्रा का भव्य स्वागत, प्रेमचंद अग्रवाल ने की पुष्पवर्षा
ऋषिकेश
भारत केसरी
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता, भाईचारे और एकता का संदेश लेकर निकली समरसता संकल्प यात्रा मंगलवार को ऋषिकेश पहुंची। नेपाली फार्म में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान पुष्पवर्षा कर यात्रा में शामिल लोगों का अभिनंदन किया गया और लड्डू का प्रसाद भी वितरित किया गया।

पंजाब से शुरू हुई यह यात्रा पांवटा साहिब होते हुए ऋषिकेश पहुंची है। यात्रा का नेतृत्व पूर्व सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य कर रहे हैं।
इस मौके पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज ने अपने विचारों और जीवन दर्शन से समाज को समानता, प्रेम, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां जाति और वर्ग के आधार पर किसी के साथ भेदभाव न हो और प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान और अवसर मिले।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि संत रविदास जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अभियान है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान और सम्मान के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही यह यात्रा सामाजिक समरसता, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।

