CRIME NEWSUttrakhand

मेडिकल स्टोर या नशे का अड्डा? STF की रेड में 1282 नशीली दवाएं बरामद!

मेडिकल स्टोर की आड़ में नशे का कारोबार! STF की छापेमारी, 682 कैप्सूल और 600 टैबलेट बरामद

 

हरिद्वार

भारत केसरी

उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ STF की ANTF टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। हरिद्वार के रुड़की में मेडिकल स्टोर की आड़ में कथित रूप से नशीली दवाओं का अवैध कारोबार करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ट्रामाडोल युक्त 682 कैप्सूल और अल्प्राजोलम की 600 टैबलेट बरामद की हैं।

STF को गोपनीय सूचना मिली थी कि रुड़की स्थित जनता मेडिकल स्टोर का संचालक बिना वैध लाइसेंस के नशीली दवाओं की खरीद-फरोख्त कर रहा है। सूचना के आधार पर STF की ANTF टीम ने औषधि निरीक्षक के साथ संयुक्त रूप से मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की।

 

कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद 26 वर्षीय इरशाद को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। जांच में उसके कब्जे से 682 SPASMED कैप्सूल, जिनमें ट्रामाडोल युक्त दवा बताई गई है, और अल्प्राजोलम की 600 टैबलेट बरामद हुईं।

 

STF के मुताबिक, आरोपी दवाओं के क्रय-विक्रय और भंडारण से संबंधित कोई वैध लाइसेंस, दस्तावेज या चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर दवाएं खरीदकर फुटकर में बेचने और मुनाफा कमाने की बात स्वीकार की है।

 

पुलिस ने आरोपी इरशाद पुत्र गुलफाम, निवासी बहादराबाद, हरिद्वार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना गंगनहर में NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

 

इस संयुक्त कार्रवाई में STF/ANTF के निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, कांस्टेबल प्रदीप, कांस्टेबल दीपक नेगी और औषधि निरीक्षक हरीश सिंह शामिल रहे।

 

STF का कहना है कि प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए अवैध नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।