IFFI-2026: उत्तराखंड की फिल्म नीति और खूबसूरत लोकेशन्स का वैश्विक मंच पर प्रचार, फिल्मकारों को 3 करोड़ तक की सब्सिडी
Waves Film Bazaar में ‘Destination Uttarakhand’ पर विशेष पैनल डिस्कशन, आरुषि निशंक और राम रेड्डी ने साझा किए फिल्म निर्माण के अनुभव; स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर
देहरादून। उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम बढ़ाया है। 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के अंतर्गत आयोजित Waves Film Bazaar में उत्तराखंड की फिल्म नीति, शूटिंग लोकेशन्स और फिल्मकारों को दी जा रही सुविधाओं को लेकर विशेष पैनल डिस्कशन आयोजित किया गया। ‘Destination Uttarakhand: Where Nature Meets Cinematic Magic’ विषय पर हुए इस सत्र में उत्तराखंड की प्राकृतिक खूबसूरती, फिल्म निर्माण की संभावनाओं और राज्य की फिल्म प्रोत्साहन नीति को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत के सामने प्रस्तुत किया गया।
पैनल चर्चा में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया।
फिल्मकारों को 3 करोड़ तक की सब्सिडी
सत्र में संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 प्रदेश में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभा रही है। नीति के तहत निर्धारित पात्रता और शर्तों के अनुसार हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल्स के लिए अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। फिल्मकारों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था और सरल शूटिंग अनुमति प्रक्रिया भी लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हिमालयी नजारे, नदियां, पर्वतीय क्षेत्र, ऐतिहासिक इमारतें और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत फिल्मकारों को शूटिंग के लिए विविध विकल्प उपलब्ध कराते हैं। मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार समेत गढ़वाल एवं कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं।

चौहान ने फिल्म नीति के तीन प्रमुख आधार 3T यानी टैलेंट, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य स्थानीय कलाकारों एवं तकनीशियनों को अवसर देना और क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहित करना भी है।
आरुषि निशंक ने बताया वेब सीरीज का अनुभव
अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का उदाहरण देते हुए बताया कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित इस प्रोजेक्ट को कहानी सुनने के बाद जियो हॉटस्टार ने कमीशन किया था। उन्होंने प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण की सराहना की। साथ ही कहा कि उत्तराखंड में मजबूत फिल्म निर्माण इकोसिस्टम विकसित करने की जरूरत है, जिससे देशभर के अधिक से अधिक फिल्मकार यहां शूटिंग के लिए आकर्षित हों।
राम रेड्डी बोले- उत्तराखंड मेरे लिए दूसरे घर जैसा
प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए उत्तराखंड को अपना दूसरा घर बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म के लिए उपयुक्त लोकेशन तलाशने के दौरान वह 17 बार उत्तराखंड आए। शूटिंग के दौरान स्थानीय लोगों से मिले सहयोग और आत्मीयता ने उनके अनुभव को बेहद सुखद बनाया। उन्होंने बताया कि फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय का अवसर दिया गया।
फिल्म शूटिंग से पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
Waves Film Bazaar में आयोजित इस चर्चा के जरिए उत्तराखंड की फिल्म नीति, सब्सिडी और प्राकृतिक शूटिंग स्थलों की संभावनाओं को फिल्म जगत के सामने प्रभावी ढंग से रखा गया। फिल्म निर्माण गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ ही होटल, परिवहन, आतिथ्य और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
