नेपाल में आया 5.3 तीव्रता का भूकंप, बिहार तक कांपी धरती! सुबह-सुबह घरों से बाहर निकले लोग
बिहार में भूकंप के झटके, नेपाल में था केंद्र; पटना से दरभंगा तक हिली धरती
भारत केसरी
बिहार में मंगलवार की सुबह उस वक्त लोगों में हलचल मच गई, जब पटना, दरभंगा, शेखपुरा और सहरसा समेत कई जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 7 बजकर 2 मिनट पर आए इन झटकों से लोग सहम गए और एहतियातन घरों से बाहर निकल आए।
https://x.com/NCS_Earthquake/status/2125044568509067319?a=aDuyD__gSmKZcBSzLIQ&s=19
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र यानी NCS के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.3 दर्ज की गई। इसका केंद्र पड़ोसी देश नेपाल के कोशी प्रांत के ताप्लेजुंग जिले में बताया गया है। भूकंप की गहराई करीब 20 किलोमीटर दर्ज की गई।
कम गहराई पर आए इस भूकंप का असर बिहार के कई इलाकों में भी महसूस किया गया। सुबह के समय अचानक घरों के पंखे और अन्य सामान हिलने लगे, जिसके बाद लोगों को भूकंप का एहसास हुआ।
पटना, दरभंगा और शेखपुरा सहित कई जिलों में लोग एहतियात के तौर पर घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक बिहार में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।
प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय सतर्कता बरतें।

