दिसंबर में खुलेगा महिलाओं के लिए सरकारी खजाना! बैणी-भुली योजना की पहली किस्त का ऐलान
दिसंबर में महिलाओं के खातों में आएगी बैणी-भुली योजना की पहली किस्त, 5 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा लाभ
देहरादून, भारत केसरी
उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण को लेकर धामी सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल देने वाली बैणी-भुली योजना की पहली किस्त दिसंबर महीने में सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। योजना के तहत पात्र महिलाओं को दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़ी महिलाएं प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। बैणी-भुली योजना के माध्यम से ऐसी पांच लाख से अधिक पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि सरकार महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग, विपणन और महिला उद्यमिता को भी प्रोत्साहित कर रही है।
गौरतलब है कि प्रदेश में अब तक 3 लाख 19 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, महिलाओं के उद्यमों को आगे बढ़ाने के लिए 150 उद्यमों को चिह्नित कर IIM काशीपुर के साथ एमओयू भी किया गया है।
अब बड़ा सवाल यह है कि बैणी-भुली योजना की प्रोत्साहन राशि से प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं के स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता को कितनी मजबूती मिलती है।

