धर्मपुर में कांग्रेस नेताओं की दोटूक– बाहर से नहीं, इस बार स्थानीय कार्यकर्ता को मिले टिकट!
देहरादून , भारत केसरी
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन कांग्रेस के भीतर टिकट और दावेदारी को लेकर आवाज उठने लगी है। देहरादून की धर्मपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस नेताओं ने पार्टी नेतृत्व से स्थानीय कार्यकर्ता को चुनाव मैदान में उतारने की मांग की है।

दरअसल, 24 नवंबर को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद हुई प्रेस वार्ता में नेताओं ने संयुक्त रूप से मांग उठाई कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में धर्मपुर सीट से पार्टी किसी स्थानीय और अनुभवी कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाए।
कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत ने कहा कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का लंबे समय से काम करने का अनुभव और राजनीतिक इतिहास रहा है। ऐसे में चुनाव के समय पार्टी को क्षेत्र के अनुभवी कार्यकर्ता को अवसर देना चाहिए।

पूर्व पार्षद रमेश कुमार मंगू ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि वर्ष 2024 में पार्टी के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री के कांग्रेस छोड़ने के बाद भी समर्पित कार्यकर्ताओं ने संगठन का साथ नहीं छोड़ा और पार्टी की विचारधारा के लिए काम करते रहे।
कांग्रेस नेताओं की इस बैठक और प्रेस वार्ता के बाद धर्मपुर विधानसभा सीट पर स्थानीय उम्मीदवार को लेकर पार्टी के भीतर दावेदारी और राजनीतिक चर्चा तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
अब सवाल यह है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व धर्मपुर के स्थानीय कार्यकर्ताओं की इस मांग को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या पार्टी इस बार स्थानीय चेहरे पर दांव लगाएगी ?

