गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर प्रेमचंद अग्रवाल का सौगात वाला संदेश, दो गुरुद्वारों के लिए 5 लाख रुपये देने का ऐलान
ऋषिकेश
भारत केसरी
गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश, छिद्दरवाला और डोईवाला स्थित विभिन्न गुरुद्वारों में पहुंचकर मत्था टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने संगत को गुरुपर्व की शुभकामनाएं देते हुए सेवा, समानता और भाईचारे का संदेश दिया।

डॉ. अग्रवाल रेलवे रोड स्थित सिंह सभा गुरुद्वारा, जोगीवाला माफी यानी छिद्दरवाला और डोईवाला के गुरुद्वारे पहुंचे। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता को सत्य, प्रेम, करुणा, सेवा और समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने गुरु नानक देव जी के संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का उल्लेख करते हुए कहा कि ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से मेहनत और जरूरतमंदों के साथ अपनी कमाई साझा करना ही इन शिक्षाओं का मूल भाव है।

गुरुद्वारों के विकास के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा
गुरुपर्व के अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने धार्मिक स्थलों के विकास के लिए विधायक निधि से आर्थिक सहयोग की घोषणा भी की।

जोगीवाला माफी स्थित गुरुद्वारे में पहले विधायक निधि से 5 लाख रुपये दिए जा चुके हैं। इस सहयोग के लिए सरदार त्रिलोचन सिंह ने आभार जताया। वहीं, गुरुद्वारे के शेष विकास कार्यों को पूरा कराने के लिए डॉ. अग्रवाल ने 2 लाख रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा की।
इसके अलावा रेलवे रोड स्थित सिंह सभा गुरुद्वारे में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की मौजूदगी में गुरुद्वारे के विकास कार्यों के लिए 3 लाख रुपये देने का ऐलान किया गया।

इस तरह दोनों गुरुद्वारों के विकास कार्यों के लिए कुल 5 लाख रुपये की नई धनराशि देने की घोषणा की गई।
इस दौरान ऋषिकेश में मेयर शंभू पासवान, सरदार मुन्ना सिंह, गोविंद सिंह, परमजीत सिंह सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। वहीं, डोईवाला और जोगीवाला माफी में भी गुरुद्वारा प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारी और बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही।
गुरुपर्व के अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने जहां गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का संदेश दिया, वहीं गुरुद्वारों के विकास के लिए आर्थिक सहयोग की घोषणा कर धार्मिक स्थलों से जुड़े विकास कार्यों को भी चर्चा में ला दिया।

