CRIME NEWSDEHRADUN

17 साल से फरार एक लाख का इनामी शौकत अली पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

17 साल से फरार एक लाख का इनामी डकैत पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार, STF और दून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

 

देहरादून, उत्तराखंड

उत्तराखंड एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 17 साल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी अपराधी शौकत अली को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी देहरादून के बसंत विहार और हल्द्वानी में दर्ज डकैती के मुकदमों में लंबे समय से वांछित चल रहा था।

 

पुलिस के मुताबिक, 23 जुलाई 2009 को देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में ओएनजीसी के महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा के घर में पांच हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की थी और लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पांच आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी। इनमें से चार आरोपियों को पुलिस ने अगस्त 2009 में गिरफ्तार कर लिया था, जबकि शौकत अली गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। पहले उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया।

 

एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ऑपरेशन प्रहार के तहत आरोपी की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपनी पहचान छिपाकर पश्चिम बंगाल के कोलकाता क्षेत्र में टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा है। इसके बाद संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे थाना भाटपाड़ा, जनपद उत्तर 24 परगना से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 54 वर्षीय शौकत अली गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

 

इस कार्रवाई में उत्तराखंड एसटीएफ के निरीक्षक अबुल कलाम सहित टीम के अन्य सदस्यों और थाना बसंत विहार पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

उत्तराखंड पुलिस का कहना है कि फरार और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।