Uttrakhand

माता-पिता के समर्थन में कांग्रेस का मार्च, गणेश गोदियाल ने उठाई FIR की मांग

अंकिता भंडारी के माता-पिता के समर्थन में उतरी कांग्रेस, गणेश गोदियाल बोले- न्याय की लड़ाई में परिवार के साथ खड़ी है पार्टी

 

देहरादून, भारत केसरी

दिनांक: 25 नवंबर 2026

अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर एक बार फिर उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। अंकिता के माता-पिता ने देहरादून के गांधी पार्क में धरना देकर अंकिता पर चारित्रिक लांछन लगाने के आरोपों और उसके मोबाइल की निजी चैट सार्वजनिक किए जाने के मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई।

 

धरने को समर्थन देने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत और प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी पहुंचे।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता के माता-पिता आज भी अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अंकिता के चरित्र पर सवाल उठाने और उसकी निजी मोबाइल चैट सार्वजनिक किए जाने को उसकी गरिमा और निजता का गंभीर उल्लंघन बताया।

 

गोदियाल ने मांग की कि मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और निजी चैट सार्वजनिक करने वाले संबंधित अधिवक्ता के खिलाफ शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जाए।

धरने के बाद गणेश गोदियाल सहित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अंकिता के माता-पिता के साथ गांधी पार्क से पुलिस महानिदेशक कार्यालय तक मार्च किया। डीजीपी कार्यालय पहुंचकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई।

 

गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता के माता-पिता की न्याय की लड़ाई में कांग्रेस मजबूती से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए और किसी को भी राजनीतिक प्रभाव या रसूख के आधार पर कानूनी कार्रवाई से बचने का अवसर नहीं मिलना चाहिए।

 

कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार मुकदमा दर्ज करने और जांच के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की है।